लज़ीज़ मूँग दाल
See this recipe in English
लज़ीज़ मूँग दाल एक बहुत ही आसानी से और फटाफट बनने वाला नाश्ता है. ये स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहतमंद भी है. मूँग दाल प्रोटीन का बहुत अच्छा स्रोत है. लज़ीज़ मूँग दाल बनाने की यह विधि शुचि की रसोई की एक नियमित पाठिका काजल की है. काजल ने यह विधि हमें बताई और हमसे गुज़ारिश की कि मैं उन्हे यह विधि नाप-तौल के साथ विस्तार से बनाना बताऊं... तो चलिए फिर बनाते हैं लज़ीज़ मूँग दाल. हमेशा की तरह आपके सुझावों का इंतजार रहेगा......
बनाने की विधि
- मूँग दाल को बीनिये और फिर धो लीजिए. लगभग दो़ कप पानी में दाल को 30 मिनट के लिए भिगो दीजिए.
- प्रेशर कुकर में घी गरम करिए. अब इसमें जीरा डालिए; जब जीरा चटक जाए और इसका रंग बदल जाए तो इसमें हींग, और सूखी लाल मिर्च डालिए. कुछ सेकेंड्स के लिए भूनिए. अब इसमें हल्दी और भीगी हुई मूँग की दाल डालिए और अच्छे से मिलाइए. दाल जिस पानी में भिगोई थी वो पानी भी इसमें डालें. अब नमक और लाल मिर्च/ काली मिर्च पाउडर डालिए और एक बार फिर अच्छे से मिलाइए. मध्यम आँच पर एक सीटी लेकर आँच बंद कर दीजिए..
- जब सीटी निकल जाए तो दाल को अच्छे से मसल दीजिए जिससे कि दाल एकदम चिकनी हो जाए. अगर ज़रूरत हो तो थोड़ा सा और पानी डाला जा सकता है. वैसे यह दाल सूखी ही बनती है.
- अब दाल को 4 प्लेट में निकालिए. इसके ऊपर धनिया की चटनी, मूली के लच्छे और घिसा हुआ पनीर डालिए. अब स्वाद के अनुसार भुना जीरा, और लाल मिर्च पाउडर डालिए और कटे हरे धनिए से सजाकर परोसिए इस लज़ीज़ दाल को...
कुछ नुस्खे/ सुझाव
अगर आप या आपके बच्चे आलू के दीवाने हैं तो आप ऊपर से भुने आलू या फिर सादे उबले आलू भी काट कर डाल सकते हैं.
अगर आप चाहें तो ऊपर से कुछ नमकीन (दालमोठ) भी डाल सकते हैं इस स्वादिष्ट सूखी मूँग दाल में..
